पंजाब के बटाला में एक युवती ने शादी के दो माह बाद ही फंदा लगाकर जान दे दी। विवाहिता अपने मायके में रह रही थी। मृतका की पहचान 28 वर्षीय गगनदीप कौर के तौर पर हुई है। विवाहिता ने बुधवार को कमरे के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। फिलहाल गगनदीप द्वारा ऐसा करने का कारण स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है। गगनदीप की शादी दो महीने पहले ही हुई थी और शादी के बाद वह सिर्फ 10 दिन ही अपने ससुराल में रही थी। उसके बाद वह अपने मायके में ही रह रही थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल भेज दिया है।
बटाला के अलीवाल रोड पर गगनदीप कौर अपने मां के पास ही रह रही थी। गगनदीप कौर की अन्य बहनें शादीशुदा हैं और भाई कनाडा में है। बुधवार को मां ने देखा तो गगनदीप कौर फंदे पर लटक रही है। जब तक उसे नीचे उतारा गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच अधिकारी और थाना सिविल लाइन बटाला के एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि अभी तक विवाहिता ने ऐसा क्यों किया, इस बात का पता नहीं चल सका है। मृतका की मां ने अभी बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। उसकी मां का कहना है कि वह अभी सदमे है और गुरुवार को उसका बेटा कनाडा से बटाला आएगा, तभी वह अपने बयान दर्ज करवाएगी। एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेगी।