फिरोजपुर में शादी के बाद भागी दुल्हन।
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
पंजाब के फिरोजपुर में गुरुद्वारा साहिब में फेरे लेने के बाद एक दुल्हन जेवर और अस्सी हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गई। दुल्हन अपने रिश्तेदारों के साथ ये कहकर गुरु घर से बाहर गई कि बाजार से कुछ खरीदना है। इसके बाद वह नहीं लौटी। पीड़ित दूल्हे ने शनिवार को थाना कैंट पुलिस को शिकायत दी। थाना कैंट पुलिस के एसएचओ कृपाल सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। अभी किसी पर भी केस दर्ज नहीं किया है।
पीड़ित दूल्हे भगत सिंह वासी फिरोजपुर कैंट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका रिश्ता फिरोजपुर के कुछ लोगों ने अमरजीत कौर से तय करवाया था। शुक्रवार 14 मई को उसकी शादी कैंट स्थित एक गुरुद्वारा साहिब में हुई।
सात फेरे लेने के बाद अमरजीत कौर ने कहा कि उसे बाजार से कुछ लेना है, ये कह कर अपने रिश्तेदारों के साथ गुरु घर से बाहर गई। काफी समय बीतने के बाद भी वो नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की। बाद में उसे पता चला कि अमरजीत कौर उसके दिए सोने के जेवर और 80 हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गई। भगत ने इस संबंधी थाना कैंट पुलिस को शिकायत दी है।