पंजाब में नवांशहर के राहों के पास गांव बजीदपुर में आर्थिक तंगी से परेशान पति-पत्नी से जहर निगल लिया। जहर से वीरवार को पत्नी की मौत हो गई।
पति अभी गंभीर हालत में है। पुलिस ने इस संबंध में धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। गांव बजीदपुर निवासी संतोख सिंह ने बताया कि उनके बेटे इंद्रजीत सिंह (32) ने लगभग दो साल पहले एक टिप्पर लोन पर लेकर रेत बजरी ढोने का काम शुरू किया था।
संतोख के अनुसार कुछ महीने तो उनके बेटे का काम ठीकठाक चला, लेकिन पिछले करीब एक-डेढ़ साल से रेत और बजरी पर पाबंदी लग गई। इससे उसका काम धंधा बंद होने के कगार पर पहुंच गया। ट्रक की किश्तें देना भी उसके लिए मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि इससे घर में आर्थिक तंगी आ गई। इस कारण उनका बेटा और बहू
बहुत परेशान रहते थे।
उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को परेशानी के चलते कथित तौर पर दोनों ने जहरीली चीज निगल ली। उन दोनों को तुरंत नवांशहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वीरवार सुबह संदीप कौर (30) की मौत हो गई। इंद्रजीत की हालत अभी गंभीर है। थाना राहों के एसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि पुलिस लड़की की मां गुरदेव कौर के बयान पर कार्रवाई कर रही है।