भाखड़ा बांध में 17 फीट कम पानी
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्थित भाखड़ा बांध में इस समय पिछले साल के मुकाबले जलस्तर 17.01 फीट कम है। इस समय भाखड़ा बांध में पानी का स्तर 1553.60 फीट है, जबकि पिछले साल यह 1570.61 फीट था। वहीं भाखड़ा बांध में पानी की आवक फिलहाल 9600 क्यूसिक है, जबकि पिछले साल यह 9949 क्यूसिक थी। हिमाचल के ही पौंग बांध में पिछले साल के मुकाबले पानी का स्तर सबसे अधिक 31.77 फीट कम है। वर्तमान में पौंग में पानी का स्तर 1294.31 फीट है। पिछले साल यह इसी अवधि में 1326.08 फीट था।
हालांकि वर्तमान में पौंग में पानी की आवक पिछले साल के 1731 क्यूसिक के मुकाबले 2140 क्यूसिक है। पंजाब के एकमात्र रणजीत सागर डैम (आरएसडी) में पानी का स्तर बीते साल की तुलना में 10.03 मीटर कम है। इस समय आरएसडी में पानी का स्तर 497.46 मीटर है। पिछले साल यह 507.49 मीटर था। इस डैम में पानी की आवक भी 5426 क्यूसिक है, वहीं पिछले साल यह 8179 क्यूसिक थी। डैहर बांध में पानी का स्तर में भले ही कुछ खास अंतर नहीं है, लेकिन आवक काफी कम है। डैहर में इस समय पानी की आवक 4979 क्यूसिक है जबकि बीते साल यह 6381 क्यूसिक थी।
पंजाब व हिमाचल में सामान्य से काफी कम बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब में एक मार्च से 17 अप्रैल तक बारिश सामान्य से 67 फीसदी कम दर्ज की गई है। 31.9 एमएम की सामान्य बारिश के मुकाबले 10.7 एमएम की बारिश हुई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी इस समय अवधि के दौरान 36 फीसदी कम बारिश हुई है। 51.3 एमएम की सामान्य बारिश की तुलना में 96.8 एमएम की बारिश हुई है।
माहिरों के मुताबिक रणजीत सागर डैम में अगर इसी तरह से पानी का स्तर कम बना रहा, तो इसके 600 मेगाावाट की क्षमता वाले चारों यूनिटों को पीक सीजन में केवल शाम के समय ही चालू किया जा सकता है। क्योंकि इस समय बिजली की मांग ज्यादा रहती है।