श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग की टीम ने दुबई से पहुंचे दो यात्रियों के सामान से करीब 54 हजार विदेशी सिगरेट की स्टिक्स बरामद की हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 4.05 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों यात्री हरियाणा के पानीपत के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
मंगलवार शाम दुबई से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-192 अमृतसर पहुंची थी। यात्रियों की सामान्य जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को दो यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इस पर अधिकारियों ने उन्हें रोककर सामान की जांच की। तलाशी के दौरान दोनों यात्रियों के सामान में छिपाकर रखी गई विदेशी सिगरेट बरामद हुईं।
यात्रियों की पहचान देव वर्मा और रजिंदर कुमार निवासी पानीपत के रूप में हुई है। कस्टम टीम ने बरामद सिगरेट को जब्त कर लिया है। विभाग की ओर से दोनों यात्रियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।