हलका भोआ अंतर्गत आने वाले गांव राजपरूरा में एक घर से चोर करीब 35 लाख रुपये का सोना और करीब ढाई लाख रुपए कैश चोरी करके फरार हो गए है। चोरों ने फिल्मी स्टाइल में इस घटना को अंजाम दिया। पहले रसोई की खिड़की से घर में दाखिल हुए और फिर सोए हुए परिवार को नशीली स्प्रे से गहरी नींद में सुलाकर वारदात करके फरार हो गए। घटना देर रात की बताई जा रही है। खेतों के रास्ते चोर फरार हो गए क्योंकि घर से चुराए ट्रंक और अन्य लॉकर चोर सामान निकालने के बाद फेंक गए। जांच के दौरान सामान खेतों से बरामद हुआ है।
जानकारी देते हुए पीड़ित रोहित कुमार उर्फ मनी ने कहा कि वे पेशे से कारोबारी हैं और गत रात भी खाना खाकर अपने परिवार के साथ सो गया। जैसे ही वह रात को करीब 3 बजे उठे तो उन्होंने देखा कि रसोई की खिड़की को तोड़ कर कोई अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुआ है। जिसके बाद उन्होंने घर की तलाशी ली तो पता चला कि चोर सोने के जेवरात जिनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये और करीब ढाई लाख रुपये कैश चोरी करके ले जा चुके थे। वहीं, जब इस चोरी की घटना के बाद पड़ोस में लगे सीसीटीवी को खंगाला गया तो ऐसा लगा कि कुछ युवक उनके घर की पहले से ही रैकी करके गए हों और अब वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
इस संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया है। वहीं, थाना सदर की पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें, कि हलका भोआ में पिछले कुछ समय चोरी की वारदातें काफी बढ़ चुकी हैं।