कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान देश के एयरक्राफ्ट (जंगी जहाजों) को हुए नुकसान को लेकर केंद्र सरकार से जानकारी देने की मांग की गई थी। इस पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष व सांसद राजा वड़िंग ने राहुल गांधी का समर्थन किया है। राजा वड़िंग ने कहा कि
यही सवाल मीडिया ने भी पूछा था, जब प्रेस ब्रीफिंग हो रही थी। उन्होंने कहा कि देश को पता होना चाहिए कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान हमारा क्या और कितना नुकसान हुआ है।
वड़िंग ने कहा कि कोई कह रहा है कि हमारा राफेल जहाज को नुकसान हुआ है और राफेल गिरा है। कोई कह रहा है कि ऐसा नहीं हुआ है। बाजार में तो ये भी चर्चा है कि राफेल कंपनी के शेयर भी गिरे हैं। यहां तक कि यह भी चर्चा है कि भारत का सुखोई एयर क्राफ्ट को भी नुकसान हुआ है। ऐसी कई तरह की जानकारियां मिल रही हैं।
राजा वड़िंग ने कहा कि युद्ध के दौरान जम्मू-कश्मीर, अखनूर और बठिंडा में एयरक्राफ्ट के पार्ट्स भी मिले हैं। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर हकीकत क्या है। ऐसे में विपक्ष के नेता की भी यह मांग जायज है कि सरकार इस मुद्दे पर जानकारी लोगों के साथ साझा करें। विपक्ष के नेता को भी इस बात की पूरी जानकारी होती तो बेहतर होगा।
वहीं दूसरी तरफ पंजाब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भड़क गए। जाखड़ ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री लोकसभा की कमेटियां बनाकर दूसरे देशों में भेज रहे हैं, उसी तरह ऐसे नेताओं की भी एक कमेटी बनाकर पाकिस्तान भेज देना चाहिए। ऐसे नेता को मौलाना अजहर मसूद के पास भेजना चाहिए। ताकि उन्हें भी लगे कि उनका हालचाल लेने वाला कोई आया है।
जाखड़ के इस बयान पर राजा वड़िंग ने तंज कसते हुए कहा कि सुनील जाखड़ पहले जब कांग्रेस में थे तो राहुल गांधी की तारीफ करते थकते नहीं थे और आज उन्हें पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं। ऐसे नेताओं को खुद शर्म आनी चाहिए, जो कल कुछ कहते थे और आज कुछ कह रहे हैं। पहले सुनील जाखड़ राहुल गांधी को सलाम करते थे और अब उन्हें पाकिस्तान भेजने की बात कर रहे हैं। वड़िंग ने कहा कि सुनील जाखड़ आज जहां पहुंचे हैं उनके पीछे राहुल गांधी का ही हाथ है। इसलिए जाखड़ को अपने अंदर झांक लेना चाहिए कि मैं क्या हूं।