आईएसआई पंजाब में ऑपरेट कर रही ड्रग्स मॉड्यूल
पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पाकिस्तान से लगातार ड्रग्स की बड़ी खेप पंजाब भेजी जाती रही हैं। कई मामलों में पुलिस को यह इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तानी की खुफिया एजेंसी न केवल पंजाब में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में जुटी है, बल्कि पंजाब में कई बड़े ड्रग्स मॉड्यूल को भी ऑपरेट कर रही है। इसके लिए पाकिस्तान, यूएसए, कनाडा, ग्रीस, जर्मनी और कोलंबिया में बैठे आतंकी संगठनों और गैंगस्टरों के सरगनाओं के जरिए इस पूरे मॉड्यूल को ऑपरेट किया जा रहा है। बता दें नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने भी गृह मंत्रालय और पंजाब पुलिस को हाल ही में दी अपनी रिपोर्ट में ये इनपुट साझा किए हैं, इनमें एनआईए ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि आईएसआई और आतंकी संगठन पंजाब में ड्रग्स सिंडिकेट के जरिये कमाए जाने वाले पैसों से ही अपनी आतंकी मंसूबों और नार्को टेररिज्म मॉड्यूल के लिए फंडिंग कर रहे हैं।
एफबीआई की रिपोर्ट, पंजाब में छिपे हैं कई हैंडलर
कोलंबिया के जरिये यूएसए और कनाडा में फैले कोकीन के जाल का पर्दाफाश करते हुए यूएसए एजेंसी की पकड़ में आए पांच आरोपियों से पूछताछ में कई अहम इनपुट सामने आए हैं। भारतीय एजेंसियों के साथ एफबीआई द्वारा 7 मार्च को साझा की एक रिपोर्ट में शॉन भिंडर के अलावा 3 अन्य इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडीकेट के सरगनाओं के इनपुट भेजे गए हैं। पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार तो एफबीआई के इस इंटेल पर प्रदेश के सरहदी इलाके में स्पेशल ऑपरेशन किया जा रहा है, जल्द ही पाकिस्तान और अन्य देश से ऑपरेट किए जा रहे इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडीकेट के कई नाम सामने आएंगे।