फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sukhbir Badal Attacked: पीएम मोदी ने खुद फोन कर ली सेहत की जानकारी, हरसिमरत काैर बोलीं-आपका आभार

Fri, 14 Aug 2026 09:33 AM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के पास हमला हुआ था। इस हमले में उनके हाथ पर चोट आई थी।
विज्ञापन
सुखबीर बादल पर हमला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के पास हुए हमले में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल घायल हो गए थे।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद फोन कर  उनका हालचाल जाना। सुखबीर की पत्नी और सांसद हरसिमरत काैर बादल ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। छह दिन पहले ही सुखबीर बादल ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। 

हरसिमरत काैर ने लिखा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, नांदेड़ में एक गुरुद्वारा साहिब के अंदर सुखबीर बादल पर हुए कायराना हमले के बाद, उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए आपका व्यक्तिगत रूप से फोन करना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करना, हमारे लिए अत्यंत आभारी होने का विषय है।
विज्ञापन

 

इस कठिन समय में आपकी चिंता, समर्थन और शुभकामनाएं हम सभी परिवार वालों, हमारी पार्टी और पंजाब के लोगों के लिए बहुत मायने रखती हैं। आपके इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से मैं बहुत अभिभूत हूं। मैं इस घटना का तुरंत संज्ञान लेने और केंद्रीय जांच एजेंसियों को जांच में महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश देने के लिए भी आपकी आभारी हूं।

वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी सुखबीर बादल पर हमले के बाद उनकी सेहत की जानकारी ली। हरसिमरत बादल ने उनका भी आभार जताया।
 
Trending Videos

हमले को बिक्रम मजीठिया ने बताया गंभीर, सीबीआई जांच की मांग
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने नांदेड़ हमले की गहन जांच के लिए मामला एनआईए को साैंपने की मांग की है। मजीठिया ने कहा कि दरबार साहिब में सुखबीर बादल पर दिसंबर 2024 में हुए हमले और नांदेड़ हमले की एक साथ जांच होनी चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इनके पीछे कोई साझा साजिश, नेटवर्क या मकसद है।

अमृतसर में आपात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मजीठिया ने कहा कि सुखबीर बादल पर यह दूसरी बार हमला हुआ है। गुरु साहिब की कृपा से हमलावर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। उन्होंने घटना के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताई।



मजीठिया ने कहा कि पवित्र धार्मिक स्थल पर किसी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से हमला करने वाला व्यक्ति गुरु का सिख नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की जानी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि इनके पीछे कोई संगठित ताकत या समान साजिश तो नहीं है।

उन्होंने 2024 की घटना में पंजाब पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग की। मजीठिया के अनुसार तत्कालीन अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसपी हरपाल सिंह रंधावा समेत जिम्मेदार अधिकारियों से भी पूछताछ होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीरता दिखाए और पंजाब में नफरत फैलाने वाली ताकतों को बेनकाब किया जाए। मजीठिया ने हमले के दौरान सुखबीर बादल की जान बचाने वाले सुरक्षाकर्मियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हरसिमरत कौर बादल को फोन कर सुखबीर बादल का हाल जाना।

 

महाराष्ट्र पुलिस के इंस्पेक्टर का भी जताया आभार
इसके अलावा हरसिमरत काैर ने हमले के दौरान सुखबीर बादल की जान बचाने में बहादुरी दिखाने के लिए महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे को सलाम किया।

हरसिमरत ने लिखा कि संतोष, आप सुखबीर और हमलावर के बीच एक इंसानी ढाल बनकर खड़े रहे और उनकी रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। ऐसा करके आपने हमें याद दिलाया कि वर्दी पहनने का असली मतलब क्या है। खुद से ऊपर अपनी ड्यूटी को रखना और डर से ऊपर हिम्मत को रखना।

बादल परिवार आपके प्रति गहरा आभार व्यक्त करता है। आपकी बहादुरी को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। वाहेगुरु आपको जल्द स्वस्थ करें। साथ ही, यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे स्टाफ का भी विशेष जिक्र करना चाहूंगी, जिन्होंने इस मुश्किल समय में हमारी बहुत मदद की और हमें सहारा दिया। 
विज्ञापन

सुखबीर पर बादल की उच्च स्तरीय जांच हो :  कैप्टन अमरिंदर
पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। एक सभ्य समाज में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है, और जब ऐसी घटनाएं किसी पवित्र धार्मिक स्थल पर होती हैं, तो वे और भी अधिक निंदनीय हो जाती हैं। मुझे राहत है कि सुखबीर सुरक्षित हैं। मैं अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे इस मामले की गहन जांच करें और सुनिश्चित करें कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाए। पंजाब को कभी भी हिंसा और नफरत के दौर में वापस लौटने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री शिवराज चाैहान ने की हमले की निंदा
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले पर कहा कि ये दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। हिंसा किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। भगवान की कृपा है कि वे सुरक्षित हैं। 

उमर अब्दुल्ला ने की हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले पर कहा कि हम इसकी निंदा करते हैं। ऐसे हमले नहीं होने चाहिए। इससे पहले भी अमृतसर में एक हमला हुआ था। उसके बाद कहा गया था कि उनकी सुरक्षा का खास ख्याल रखा जाएगा। जेड प्लस सुरक्षा है लेकिन कहां का जेड प्लस? दूसरी बार हमला हुआ और इस बार तो उन्हें अस्पताल भी ले जाया गया। लोकतंत्र में इस तरह के हमले नहीं होने चाहिए। अगर आपकी किसी के खिलाफ कोई नाराजगी है तो आप चुनाव के समय उसे जाहिर कर सकते हैं लेकिन हमला करना लोकतंत्र के लिए बहुत ही ज्यादा खतरनाक है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें