डॉ. रवजोत ने मेघालय, बैंस ने जेएंडके के सीएम को दिया न्योता
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस समारोह के उपलक्ष्य में पंजाब के मंत्रियों ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण सौंपे। स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड कॉन्गकल संगमा से व लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी से भेंट की और उन्हें अगले महीने श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले मुख्य आयोजनों में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली के साथ श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर उनसे श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया। कैबिनेट मंत्रियों ने मुख्यमंत्रियों को बताया कि नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी ने हक, सच और धर्म की आजादी के सिद्धांतों की रक्षा के लिए जो अद्वितीय शहादत दी उसकी स्मृति में पंजाब सरकार पूरे राज्य में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन आयोजनों का मुख्य समारोह 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में होगा।