श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर फिरोजपुर में बड़ा हादसा होने से बच गया। दोपहर तीन बजे के करीब तलवंडी भाई स्थित विश्वकर्मा गुरुद्वारे के मेन हॉल में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही गांव के लोगों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, सिर्फ फर्नीचर व अन्य सामान जला है। बताया जा रहा है कि बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है।
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारे के मेन हाल में आग लगने की सूचना मिलते ही मुख्य ग्रंथी सेवक सिंह वहां पहुंच गए। मेन हॉल में घुस कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को बचाने का प्रयास किया। इस मौके पर एसजीपीसी सदस्य सुखपाल सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की जयंती पर गुरुद्वारे में पाठ के भोग पड़ रहे थे और सभी लोग व्यस्त थे। अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते गुरुद्वारे के मेन हाल में आग लग गई। इस आगजनी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का स्वरूप भी अग्नि की भेंट चढ़ गया। यह बहुत ही दुखद घटना है लेकिन इस आगजनी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। सिर्फ गुरुद्वारा का फर्नीचर व अन्य सामान जला है। गांव के लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर किस तरह आग पर काबू पाया।