पंजाब में शुक्रवार को घना कोहरा छा गया। कोहरे से वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बरनाला में धुंध में बड़ा हादसा हाे गया। लुधियाना बरनाला स्टेट हाईवे पर गांव बजीदके कलां के पास धुंध के कारण पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक लड़की की मौत की सूचना है।
फिल्लौर में लुधियाना जालंधर हाईवे पर स्थित अंबेडकर फ्लाईओवर पर घने कोहरे के कारण दो बसें आपस में टकरा गईं। इससे करीब तीन यात्री जख्मी हो गए। हादसे के बाद यूपी रोडवेज की बस पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे लटक गई और जालंधर की प्राइवेट एक बस डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना फिल्लौर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुई बसों को हटवा कर हाईवे पर यातायात सुचारु करवाया।
मौके पर जांच के लिए पहुंचे एएसआई जसविंदर सिंह बताया है कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ है। घनी धुंध के कारण बसें आपस में टकरा गईं। गनीमत रही कि घटना में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं आई है। प्राइवेट बस ने पीछे से यूपी रोडवेज की बस को टक्कर मारी है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया है जिन्हें मामूली चोटें आई हैं, उनका इलाज करवा दिया गया है। क्रेन की मदद से दोनों बसों को साइड पर करवा दिया गया है, जिससे हाईवे दोबारा से शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी वरकम सिंह ने कहा कि रोडवेज की बस कोहरे की वजह से धीरे-धीरे चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक स्लीपर ने रोडवेज को टक्कर मार दी। इससे रोडवेज बस कंट्रोल नहीं हुई, और पुल की रेलिंग तोड़ती हुई आधी नीचे लटक गई। हालांकि, बस में कुछेक सवारियां थीं, जिन्हें फौरन उतार दिया गया। बाकी रोडवेज बस में सवार किसी को भी चोट नहीं लगी। इसके अलावा स्लीपर बस में कोई सवारी नहीं थी। उसमें ड्राइवर और कंडक्टर थे, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। वह भी बस को टक्कर के बाद कंट्रोल नहीं कर पाया था, और बस डिवाइडर पर चढ़ गई।