चंडीगढ़ सेक्टर-42 स्थित एक फ्लैट में कब्जा दिलाने पहुंची 60 वर्षीय महिला पर शनिवार दोपहर कथित तौर पर फ्लैट में रह रहे 62 वर्षीय अधिवक्ता ने लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली महिला के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे मनविंदर कौर पुलिस टीम के साथ सेक्टर-42 स्थित फ्लैट नंबर 2982 का कब्जा लेने पहुंची थीं। पुलिस टीम में एक एएसआई, एक महिला कांस्टेबल और एक अन्य कांस्टेबल शामिल थे।
आरोप है कि फ्लैट में रह रहे अधिवक्ता जेपी सिंह चड्ढा ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से चार राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली मनविंदर कौर के सिर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता को हिरासत में ले लिया और उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी कब्जे में ले ली। घायल महिला को पहले प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला फ्लैट के कब्जे को लेकर विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।