मॉडर्न जेल कपूरथला में बंद हवालाती से मिलने आई उसकी पत्नी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला पति के लिए नशा लेकर पहुंची थी, जो जेल में तलाशी के दौरान पकड़ी गई। जेल प्रबंधन को महिला से 28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। इसके अलावा जेल प्रबंधन को जेल में बंद एक हवालाती से 10 ग्राम नशीला पदार्थ व 1.50 ग्राम तंबाकू बरामद हुआ है। जेल प्रबंधन ने नशीला पदार्थ व तंबाकू कब्जे में लेकर इसकी सूचना जेल के उच्चाधिकारियों व थाना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी महिला समेत हवालाती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सतपाल सिंह ने बताया कि वह जेल में ड्यूटी पर तैनात थे। तभी एक महिला किरनदीप कौर निवासी गांव डोगरांवाल जेल में बंद अपने पति चरणजीत सिंह से मुलाकात करने आई। संदेह होने पर महिला पुलिस कर्मियों ने उसकी तलाशी ली। उसके कब्जे से 28 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जेल प्रबंधन ने नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर इसकी सूचना जेल के उच्चाधिकारियों व थाना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट धीरज कुमार ने बताया कि वह सीआरपीएफ टीम के साथ जेल में बंद कैदियों व हवालातियों की बैरकों की तलाशी ले रहे थे। इस दौरान जेल प्रबंधन को हवालाती गुरमहक शर्मा निवासी मोहल्ला उच्चा धोड़ा नजदीक बाबा नामदेव कॉलोनी कपूरथला के कब्जे से 10 ग्राम नशीला पदार्थ व 1.50 ग्राम तंबाकू बरामद हुआ। जेल प्रबंधन ने नशीला पदार्थ व तंबाकू कब्जे में लेकर इसकी सूचना जेल के उच्चाधिकारियों व थाना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हवालाती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।