विजिलेंस टीम की हिरासत में आरोपी अकाउंटेंट।
- फोटो : संवाद
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बरनाला जिले के नगर परिषद धनौला में तैनात अकाउंटेंट को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। अकाउंटेंट दीपक सेतिया को 11 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के निजी ठेकेदार के बिल पास करने की एवज में घूस ले रहा था। ठेकेदार ने आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ विजिलेंस को शिकायत दी थी। घूसखोर को पकड़ने के लिए विजिलेंस ने ट्रैप लगाया था।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि धनौला कस्बे के रहने वाले एक ठेकेदार की शिकायत आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी अकाउंटेट दीपक सेतिया ने उसके 2,21,402 रुपये के लंबित भुगतान चेक को मंजूरी देने के बदले में 11 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 11हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दीपक सेतिया को गिरफ्तार कर उससे रिश्वत की राशि मौके पर ही बरामद कर ली गई है।
विजिलेंस ब्यूरो के पटियाला रेंज थाने में उक्त आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया यह गिरफ्तारी भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति को उजागर करती है। हम सभी स्तरों पर अनियमितताओं को जड़ से खत्म करने तथा लोगों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विजिलेंस ब्यूरो ने लोगों से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के किसी भी मामले की सूचना अपनी हेल्पलाइन के माध्यम से दें ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।