पंजाब के बठिंडा में गरीब मजदूरों से हर महीने 1500 रुपये गुंडा टैक्स वसूला जा रहा था। मामले में पुलिस कार्रवाई करते हुए दो गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है, जो मजदूरों से वसूली करते थे।
बठिंडा की रामा मंडी के पास स्थित रिफाइनरी के बाहर लेबर का काम करने वाले युवकों (कर्मियों) से हर महीने 1500 रुपये गुंडा टैक्स वसूलने वाले दो गैंगस्टर लवदीप सिंह और संदीप भल्ला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
लेबर का काम करने वाले बूटा निवासी रामा जिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीते दिनों मीडिया के सामने इस मामले को लेकर खुलासा किया था। इसके बाद थाना रामा पुलिस ने तीन गैंगस्टर संदीप भल्ला, लवदीप सिंह अर्शदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने गैंगस्टर संदीप भल्ला और लवदीप सिंह को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस उक्त दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही और इनके तीसरे साथी अर्शदीप सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस मामले को लेकर बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मान सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया था।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता बूटा सिंह और उसके साथ लेबर करने वाले साथियों ने बताया था कि वे कुल 30 युवक हैं जो रिफाइनरी के बाहर लेबर का काम करते हैं। पिछले तीन माह से संदीप सिंह भल्ला नाम का गैंगस्टर अपने साथी अर्श सिंह मलकाना के साथ मिलकर उनसे 1500 रुपये प्रति माह वसूल रहा है। एक युवक ने बताया कि जब उसने उक्त गैंगस्टर और उसके साथी का विरोध किया तो 12 दिसंबर को गैंगस्टर और उसका एक साथी रिफाइनरी के बाहर हथियारों से लैस होकर आ गए। लेबर का काम करने वाले युवकों ने आरोप लगाया कि उक्त गैंगस्टर और उसके साथी अब उसे एवं उसके साथियों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
बूटा सिंह ने कहा था कि उसने 12 दिसंबर को ही थाना रामा मंडी में पुलिस पास लिखित में संदीप सिंह भल्ला, अर्श सिंह और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही। उल्टा उसे बार-बार थाने में बुलाया जा रहा है। युवकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं जिला प्रशासन से मांग की कि उक्त वसूली करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।