फिरोजपुर में हुए आशु मोंगा हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। आशु मोंगा की गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शिवम सहगल और सिमरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्तौल, 9 कारतूस व 105.78 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। उल्लेखनीय है कि शहर के मक्खू गेट के पास आशु मोंगा की पांच जून को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने क्रास केस में लगभग 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अभी तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल व एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि आशु मोंगा की हत्या के मामले में संलिप्त आरोपी शिवम सहगल व सिमरन प्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी शिवम कच्चा जीरा रोड दाना मंडी गेट नंबर-1 के पास मौजूद है। इसके साथ सिमरनप्रीत सिंह भी है। पुलिस ने वहां पर दबिश देकर शिवम और सिमरन प्रीत को गिरफ्तार कर लिया है।
डीआईजी व एसएसपी ने बताया कि उक्त आरोपियों ने पांच जून को मक्खू गेट के पास आशु मोंगा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस अभी तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। डीआईजी ने बताया कि आरोपी शिवम सात किलो हेरोइन की तस्करी के मामले में भी वांछित था और पुलिस को इसकी तलाश थी।