माधवी शर्मा पुलिस अधीक्षक फगवाड़ा
- फोटो : संवाद
फगवाड़ा पुलिस ने 27 अक्तूबर को ई-रिक्शा चालक की हत्या मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। माधवी शर्मा पुलिस अधीक्षक फगवाड़ा ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात को ई-रिक्शा चला रहे कुलदीप धनवार निवासी सुखचैन नगर फगवाड़ा की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। डीएसपी भारत भूषण और थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर ऊषा रानी की लीडरशिप में एक टीम बनाई गई थी। पुलिस पार्टी ने इस मर्डर की मिस्ट्री को हल करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरमन सिंह निवासी नसीराबाद, इंशविंदर कौल उर्फ बाबा उर्फ ईशु निवासी उच्चा पिंड और अमन निवासी जेठपुर जालंधर के रूप में हुई।
एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन तीनों आरोपी गांव भुल्लाराई में शराब के ठेके से शराब की बोतल लेकर अनाज मंडी, फगवाड़ा में बैठकर शराब पी रहे थे। जब एक ई-रिक्शा चालक उनके पास से निकला, तो उन्होंने उसे लूटने के इरादे से सुविधा सेंटर के पास रोक लिया। ई-रिक्शा चालक की तीनों आरोपियों के साथ हाथापाई हो गई। हाथापाई के दौरान, इशविंदर कौल उर्फ बाबा उर्फ ईशु ने 30 बोर की देसी पिस्तौल से दो गोलियां चलाईं, जिससे कुलदीप धनवार घायल हो गया। वे तीनों एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार होकर गांव नसीरबाद में हरमन के घर गए। तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान और भी खुलासे होने की संभावना है।