पंजाब के तरनतारन उपचुनाव को कुछ देश विरोधी ताकतें रुपयों से ज्यादा ड्रग्स से प्रभावित करना चाहती हैं। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे इस विधानसभा क्षेत्र में क्रॉस बॉर्डर नारकोटिक्स सिंडिकेट ने अचानक सक्रियता बढ़ा दी है। सिंडिकेट के गुर्गे भारी मात्रा में नशीला पदार्थ सिर्फ तरनतारन विधानसभा क्षेत्र में ही पहुंचा रहे हैं। यहां नशे के आदी खासकर युवा मतदाता उनके निशाने पर हैं।
इसी के चलते चुनाव की घोषणा के बाद 7 अक्तूबर से लेकर अब तक इस विधानसभा क्षेत्र में 17.99 किलो ड्रग्स पकड़ी जा चुकी है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस ड्रग्स की कीमत 45.08 करोड़ रुपये आंकी है। इसी तरह 9 दिन के भीतर ही यहां 379.25 लीटर शराब पकड़ी जा चुकी है। 18.89 लाख रुपये की 1252 वस्तुएं ऐसी जब्त की हैं जो निशुल्क बांटी जाने के लिए बाहर से मंगवाई गई थीं। इसी तरह अब तक 68220 हजार रुपये नकदी भी पकड़ी जा चुकी है। सीमा पार से कुछ हथियार भी यहां भेजे गए थे जो सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़े हैं।
केवल तरनतारन विधानसभा में नौ दिन के भीतर इतनी ज्यादा ड्रग्स पकड़ी जाना, बड़ी चिंता का विषय है। इसके मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। शराब, नकदी और मुफ्त चीजें बांटने की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं। पंजाब पुलिस भी इन गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए है। एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। -सिबिन सी, मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब