असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह से जुड़ा बड़ा खुलासा सामने आया है। बीते दिनों फरीदकोट पुलिस ने टिंडर एप प्रबंधन को पत्र लिखकर सांसद अमृतपाल सिंह से जुड़े एक अकाउंट की जानकारी मांगी थी।
अमृतपाल का डेटिंग एप टिंडर पर अमृत संधू के नाम से अकाउंट था। टिंडर प्रबंधन ने फरीदकोट पुलिस के साथ जो जानकारी साझा की है, उसमें टिंडर पर 6 लड़कियों से अश्लील चैट की बात सामने आई है। फरीदकोट की एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन का कहना है कि हो सकता है कि गुरप्रीत सिंह हरीनौ की हत्या के पीछे इन अश्लील चैट, वीडियो और इससे जुड़े अन्य सबूत हों, जो गुरप्रीत सिंह के पास रहे हो। अब पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
10 अक्टूबर, 2024 को गुरप्रीत सिंह की गांव के गुरुद्वारे से घर जाते समय हत्या कर दी गई थी। बीते साल डीजीपी गौरव यादव ने गुरप्रीत की हत्या में जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह का हाथ बताया था।
टिंडर ने फरीदकोट पुलिस के साथ जो इनपुट साझा किए हैं, उसमें बताया है कि अमृत संधू के नाम से सांसद अमृतपाल सिंह के टिंडर अकाउंट पर 6 लड़कियों से बातचीत होती थी। इनके बीच कई अश्लील कंटेंट भी साझा किए गए हैं। एसएसपी फरीदकोट ने बताया कि टिंडर एप को दोबारा से पत्र लिखकर कई अन्य जानकारी मांगी गई थी। अमृत संधू के नाम के अकाउंट और उन लड़कियों के बीच चैट हिस्ट्री तो पुलिस के पास आ गई है। अब वीडियो कंटेंट, जो इमेज शेयर किए गए हैं और उसके पूरे डाटा बैकअप की मांग की गई है ताकि पुलिस इन लड़कियों से भी पूछताछ कर सके।
गुरप्रीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह कट्टरपंथी संगठन वारिस पंजाब दे के फाउंडर मेंबर में से था। पुलिस द्वारा शूटरों समेत अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि सांसद अमृतपाल सिंह व आतंकी अर्श डल्ला समेत 5 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।
डीएसपी अरुण मुंडन ने बताया कि गुरप्रीत के पास अमृतपाल के कुछ राज थे, जो अगर सार्वजनिक हो जाते तो उसकी प्रतिष्ठा धूमिल हो जाती। उन्होंने सीधे रूप से टिंडर अकाउंट से प्राप्त चैट का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे राज ही गुरप्रीत की मौत का कारण बने हैं। पुलिस द्वारा हर तथ्य की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
लड़कियों के अकाउंट की मांगी जानकारी
फरीदकोट पुलिस ने उन लड़कियों के टिंडर अकाउंट की भी पूरी जानकारी मांगी है। ये लड़कियां कहां की रहने वाली थीं और क्या इनमें से कोई सांसद अमृतपाल सिंह को पहले से जानता था या सिर्फ टिंडर एप पर ही इनकी बातचीत हुई थी। पुलिस इन लड़कियों से अमृतपाल के किसी पुराने लिंक के होने का भी पता लगाने में जुट गई है।