बटाला के अलीवाल रोड स्थित फ्रेंड कॉलोनी में शनिवार को एक घर में मां और बेटी के शव खून से लथपथ मिले। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों शवों पर तेजधार हथियार से हमला करने के निशान मिले है।
मृतकों की पहचान बबली (40) और उसकी बेटी तमन्ना (12 )के रूप में हुई है। तमन्ना सातवीं कक्षा की छात्रा थी। बबली के भाई शेरा उर्फ राजा ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन और भांजी की हत्या उसके जीजा जसविंदर ने ही की है। जसविंदर नशे का आदी है और इसी बात को लेकर घर में कलेश रहता था। बटाला पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी जसविंदर के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शेरा ने बताया कि जसविंदर पहले गांव कैरोवाल में रहता था, लेकिन इन दिनों बटाला में किराए का मकान लेकर फ्रेंड कॉलोनी में रहने लगा था। वह अपनी भांजी तमन्ना को हर रोज स्कूल छोड़ने जाता था। शनिवार को जब सुबह उसने अपनी बहन को फोन किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। उसे शक हुआ और वह अपनी बहन के घर आया। घर को बाहर से ताला लगा हुआ था। उसने ताला तोड़ा तो देखा कि उसकी बहन और उसकी भांजी दोनों ही खून से लथपथ थी और दोनों की मौत हो चुकी थी। उसका जीजा मौके से फरार है। परिवार के सदस्यों के अनुसार घर में पिछले काफी समय से कलह चल रही थी।
इस मौके पर डीएसपी सुखइंदर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना से संबंधित सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हत्या की असली वजह क्या थी, यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। वहीं, पुलिस इस हत्याकांड को लेकर आसपास के पड़ोसियों से भी पूछताछ भी कर रही है।
एसएचओ थाना सिविल लाइन बटाला लखविंदर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई शेरा उर्फ राजा के बयान पर आरोपी जसविंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, फिलहाल आरोपी फरार है लेकिन जल्द ही पुलिस हिरासत में होगा।
बहन को कहा था जसविंदर को छोड़ दे
शेरा ने बताया कि उसने कुछ समय पहले अपनी बहन बबली को जसविंदर को छोड़ने की बात कही थी। रोजमर्रा की कलह से वह भी तंग आ गए थे लेकिन उसकी बहन ने अपने मायके वालों से कहा था कि कभी ना कभी तो जसविंदर सीधे रास्ते पर आएगा। अगर उसने उसे छोड़ दिया तो वह रोटी कहां से खाएगी।