पंजाब के कपूरथला में लूट हुई है। कपूरथला के सराफा बाजार में रविवार सुबह लगभग 4 बजे कार सवार 5 बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। लूट की घटना से मार्केट में हड़कंप मचा हुआ है। लुटेरों ने मार्केट के चौकीदार बहादुर को पिस्तौल के दम पर बंधक बनाया और फिर एक ज्वेलर की दुकान का शटर तोड़ा और दुकान में रखी तिजोरी उठाकर ले गए।
बताया जा रहा है कि उक्त तिजोरी में लाखों रुपये के सोने और चांदी के गहने थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी सबडिवीजन दीपकरण सिंह और सिटी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीएसपी दीपकरण ने बताया कि उनकी टीम घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार सराफा बाजार में बैंक के नजदीक सिंह ज्वेलर पर सुबह लगभग 4 बजे कार में 5 बदमाश आए और उन्होंने चौकीदार बहादुर को बंधक बना लिया। इसके बाद सिंह दुकान का शटर तोड़कर तिजोरी को उठाकर ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। दुकान मालिक अजय कुमार के अनुसार तिजोरी में लगभग 50 तोले सोने के गहने और 20 किलो चांदी थी, जो चोर ले गए है।