सोशल मीडिया पर महिला के साथ दोस्ती युवक के लिए महंगी साबित हुई। महिला ने युवक को मिलने बुलाया और फिर जो हुआ वह उस युवक ने कभी सोचा भी नहीं था। युवक महिला की बातों में आकर उससे मिलने पहुंच गया। युवक अपने साथ अपने दोस्त को भी ले गया और दोनों आफत में फंस गए। महिला उन्हें एक घर में ले गई और वहां युवक के कपड़े उतार कर वीडियो बनाई। इसके बाद महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवकों को लूट लिया। युवकों से नगदी और चांदी का कड़ा छीन लिया। महिला व उसके साथी पीड़ित से दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
दरअसल युवक और उसके दोस्त के साथ महिला ने प्लानिंग के तहत लूट और ब्लैकमेलिंग का खेल खेला, लेकिन दोनों की किस्मत अच्छी थी कि दोनों किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूट गए। घटना पंजाब के फिरोजपुर की है। पीड़ित युवक कुलविंदर सिंह की शिकायत पर थाना कुलगढ़ी पुलिस ने आरोपी महिला पूजा, सिमरन, वीनू, प्रिंस और सतपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कुलविंदर सिंह निवासी कमाला बोदला ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती पूजा नाम की महिला से हुई थी। पूजा ने उसे अपनी चाची के बीमार होने की बात कह कर कुछ रुपयों की मांग और उसे मिलने के लिए बुलाया। कुलविंदर अपने दोस्त अमरजीत सिंह के साथ कार में सवार होकर फिरोजपुर की चुंगी नंबर आठ पहुंचा। वहां पर पहले से ही पूजा और उसकी सहेली सिमरन खड़ी थी। दोनों कार में बैठ गई और दोनों को वह अपनी चाची विनू के घर ले गई।
वहां पहुंचने पर चाची वीनू ने चाय बनाने के लिए मार्केट से दूध लेकर आने की बात कही और चली गई। पूजा कुलविंदर को अपने साथ एक कमरे में ले गई और उसके कपड़े उतारने लगी। कुछ देरी के बाद उसकी चाची दो लोगों के साथ कमरे में घुस आई। कुलविंदर और उसके दोस्त को कहने लगी कि तुम महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें कर रहे हो। सभी आरोपियों ने दोनों को पकड़ कर उनके कपड़े उतारे और उनकी अश्लील वीडियो बनाई।
इसके बाद आरोपियों ने कुलविंदर की जेब से आरोपियों में 3500 रुपये और अमरजीत की जेब में से 800 रुपये निकल लिए और हाथ से छह तोले का चांदी का कड़ा उतार लिया। आरोपी उन्हें छोड़ने के लिए दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोपी उन्हें पड़कर और कार में बैठाकर गांव नूरपुर सेठा की तरफ ले जा रहे थे कि तभी कार हादसे का शिकार हो गई। वहां पर गांव के लोग इकट्ठे हो गए। आरोपी उन्हें छोड़कर मौके से भाग गए। इस तरह दोनों की जान बची।