बेंगलुरु पुलिस हिरासत में आरोपी भानू प्रताप।
- फोटो : संवाद
पंजाब के पठानकोट में कुछ दिन पहले हुए मयंक हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मयंक की हत्या का मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता भानू प्रताप को पुलिस ने वारदात के पांच दिन बाद केम्पेगौड़ा अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। भानू प्रताप ने पठानकोट के सैनगढ़ निवासी मयंक महाजन को मरवाने के लिए संजीव उर्फ फौजी व जतिंदर कुमार को शमशेर सिंह उर्फ के जरिये लाखों रुपये की सुपारी दी थी।
हत्याकांड के बाद आरोपी राजस्थान गया और वहां से फ्लाइट में बेंगलुरु पहुंचा। जैसे ही पठानकोट पुलिस को पता चला कि आरोपी ने जयपुर से बेंगलुरु की फ्लाइट ली है तो पठानकोट पुलिस ने बेंगलुरु पुलिस के साथ संपर्क किया। इस पर वहां की पुलिस ने उसे केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट से काबू कर लिया। अब पठानकोट पुलिस आरोपी भानू प्रताप को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर पठानकोट की अदालत में पेश करेगी। बता दें कि भानू प्रताप का जम्मू-कश्मीर के कठुआ में माइनिंग और क्रशर का कारोबारी है।
यह था मामला
बता दें कि मयंक महाजन आरोपी भानू प्रताप के खिलाफ जेएंडके के कई सरकारी विभागों में उसके काले कारनामों की शिकायतें दे चुका था। ऐसे में मयंक रास्ते से हटाने के लिए आरोपी ने शमशेर सिंह उर्फ शेरा के जरिये संजीव कुमार उर्फ फौजी और जतिंदर कुमार को लाखों रुपये की सुपारी दी। 17 मई को संजीव ने जतिंदर के साथ मिलकर अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से मयंक के सिर में गोली मार दी। उपचार के दौरान मयंक ने दम तोड़ दिया था। पुलिस अभी आरोपी शमशेर सिंह उर्फ शेरा और जतिंदर कुमार की तलाश कर रही है। वहीं, इस मामले में शूटर फौजी और मुख्यारोपी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।