15 दिन पहले बेटे से हुई थी बात
पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि 15 दिन पहले उनकी बेटे सुखचरण सिंह के साथ फोन पर बात हुई थी। सुखचरण करीब छह माह पहले घर पर छुट्टी आया था। अब बीते दिन अचानक उन्हें जालंधर पुलिस और बेटे की यूनिट से सूचना दी गई कि सुखचरण सिंह को जालंधर ग्रेनेड मामले में आरोपी को ट्रेनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं, उन्हें जालंधर भी बुलाया गया है।
मामले की गंभीरता से होनी चाहिए जांच
पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि उनके घर में अभी जांच के लिए किसी भी एजेंसी के लोग नहीं आए। नंबरदार कुलविंदर सिंह ने बताया कि सुखचरण सिंह कुछ माह पहले छुट्टी पर घर आया था। फौज में तो अनुशासन बहुत होता है। एक सैनिक भला ऐसा अनुशासनहीन कार्य कैसे कर सकता है। इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
शहजाद भट्टी ने ली थी जिम्मेदारी
यू-ट्यूबर रोजर संधू के घर 16 मार्च सुबह करीब 4 बजे ग्रेनेड फेंका गया था, जो फटा नहीं था। पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी गैंग ने वीडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली थी। उनका कहना था कि यू-ट्यूबर ने इस्लाम और मुस्लमानों के खिलाफ टिप्पणी की थी। उसने दोबारा हमला करने की चेतावनी दी थी। बाद में पुलिस ने ग्रेनेड फेंकने वाले आरोपी हार्दिक को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया था। हार्दिक ने पूछताछ में खुलासा किया कि ग्रेनेड फेंकने की ट्रेनिंग उसे सेना के जवान सुखचरण सिंह ने दी थी।