पंजाब के बठिंडा में भारतीय वायुसेना के जवान ने अपने अधिकारियों से आहत होकर जान दे दी। बठिंडा के गांव भिसीआणा में स्थित एयरफोर्स स्टेशन के चीफ वर्क्स इंजीनियरिंग विभाग में तैनात नायक सोनू यादव ने जहर निगल मौत को गले लगा लिया। जवान ने मरने से पहले एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने एयरफोर्स कर्मियों के नाम उजाकर करते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
वायुसेना के जवान की मौत की वजह हैरान कर देने वाली है। आरोप है कि सोनू यादव की पत्नी के साथ हलवदार ने छेड़छाड़ की थी। इसकी शिकायत सोनू ने उच्चाधिकारियों से की थी, लेकिन उसे इंसाफ नहीं मिला। आरोप है कि सीनियर अधिकारी ही सोनू यादव को परेशान करने लगे थे। इस बात से आहत सोनू यादव ने जहर निगल लिया। सोनू यादव ने रेलवे लाइन बादल रोड के पास जहर निगल लिया और उसकी मौत हो गई। मामले की जांच जीआरपी पुलिस कर रही है।
थाना जीआरपी पुलिस ने मृतक जवान सोनू यादव के पिता सुरेश कुमार की शिकायत पर एयरफोर्स स्टेशन के चीफ वर्क्स इंजीनियरिंग विभाग में तैनात मुख्य अधिकारी एसके पांडे, सहायक विकास गांधी, सहायक तेज राम मीना, हवलदार राजीव, हवलदार सतीश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थाना जीआरपी पुलिस को मृतक जवान के पिता सुरेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा सोनू यादव वायुसेना में नायक के पद पर था। मौजूदा समय में वह बठिंडा के भिसीआणा स्थित एयरफोर्स स्टेशन के चीफ वर्क्स इंजीनियरिंग विभाग में तैनात था। सोनू यादव पत्नी के साथ एयरफोर्स स्टेशन के सरकारी क्वार्टर में रहता था। सोनू यादव ने पिता को फोन पर बताया था कि कुछ दिन पहले उनके पड़ोस वाले क्वार्टर में रहने वाले हवलदार सतीश ने उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील इशारे किए थे। इस बात को लेकर सोनू यादव की हवलदार सतीश के साथ लड़ाई हुई थी। इसके बारे में सोनू ने अपने उच्च अधिकारियों के पास हवलदार सतीश के खिलाफ शिकायत भी की थी।
आरोप है कि प्रमुख अधिकारी एसके पांडे, सहायक विकास गांधी, सहायक तेज राम मीना, हवलदार रजीव ने उनके बेटे सोनू यादव की शिकायत पर कारवाई करने की बजाय हवलदार सतीश का पक्ष लेते हुए सोनू को ही तंग परेशान कर कर रहे थे। सोनू यादव को इंसाफ दिलाने की बजाय उसे ही कवार्टर खाली करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। दुखी होकर सोनू ने मंगलवार रात को रेलवे लाइन बादल रोड के समीप जहर निगल कर जान दे दी।
थाना जीआरपी के सब इंस्पेक्टर जसवीर सिंह का कहना है कि पुलिस ने मृतक सोनू यादव के पिता सुरेश कुमार के बयान पर एयरफोर्स स्टेशन के चीफ वर्क्स इंजीनियर विभाग में तैनात मुख्य अधिकारी एसके पांडे, सहायक विकास गांधी, सहायक तेज राम मीना, हवलदार राजीव, हवलदार सतीश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।