पंजाब के बठिंडा में सरेआम गुंडागर्दी करते हुए भारतीय वायुसेना के जवान के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। बठिंडा के गांव बुर्ज महिमा में एयरफोर्स कर्मी के साथ चार लोगों ने मारपीट की है। हमलावरों ने सैन्य जवान की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। विवाद सड़क पर साइड न देने पर हुआ था। इसके बाद बाइक सवार चार लोगों ने साइड देने को लेकर झगड़ा कर एयरफोर्स कर्मी से मारपीट की।
आरोपियों में अर्शदीप सिंह, काका सिंह निवासी गांव दियोण और तलविंदर सिंह व रवि निवासी गांव बुर्ज महिमा के रहने वाले हैं। थाना नेहियांवाला पुलिस ने एयरफोर्स कर्मी की शिकायत पर हमलावरों पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो की तलाश की जा रही है।
थाना नेहियांवाला के सहायक थानेदार व जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन भिसियाना बठिंडा की यूनिट 34 विंग में तैनात सिपाही पंकज मिश्रा ने बताया कि बीते रविवार को लिंक रोड से गांव बुर्ज महिमा जा रहा था। उनके पीछे दो बाइक पर चार लोग आ रहे थे। उक्त लोगों ने साइड देने को लेकर उसके साथ झगड़ा किया। इसके बाद उसकी कार के आगे बाइक अड़ाकर कार को घेर लिया। आरोपियों ने उसकी कार को कुल्हाड़ी मारकर तोड़ कर दिया। साथ ही उस पर हमला कर दिया।
पंकज मिश्रा के बयान पर पुलिस ने आरोपी तलविंदर सिंह निवासी गांव बुर्ज महिमा, अर्शदीप सिंह, काका सिंह निवासी गांव दियोण और रवि निवासी गांव बुर्ज महिमा के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने तलविंदर सिंह और अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी काका सिंह और रवि फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द इन आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।