फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाै साल पहले की थी 50 करोड़ की ठगी: दाढ़ी बढ़ाकर बन गया अमृतधारी सिख, शादी के कीर्तन ने पहुंचाया जेल

Thu, 26 Nov 2026 01:29 PM IST
Nivedita संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा

सार

2012 में अमरजीत सिंह ढींगरा, राम सिंह और नवजीत सिंह ने सरव एग्रो इंडिया लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी। इसके बाद आरोपियों ने भोले-भाले लोगों को सपना दिखाकर करोड़ों रुपये ठग लिए। 
विज्ञापन
गिरफ्त में आरोपी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बठिंडा में 50 करोड़ रुपये की ठगी का आरोपी शादी समारोह में कीर्तन करते पकड़ा गया। वह नाै साल से फरार था। इस दौरान उसने अपना हुलिया बदला। दाढ़ी बढ़ा ली और अमृतधारी सिख बनकर शादी में पहुंच गया।

विज्ञापन


हालांकि जिन लोगों से उसने 18% के सालाना ब्याज के लालच देकर करोड़ों रुपये हड़पे थे, उन पीड़ितों की संस्था के चेयरमैन ने उसे देख लिया। उन्होंने तब तो कुछ नहीं कहा लेकिन पुलिस से तालमेल कर लिया।

इसके बाद पुलिस सुबह ही शादी के लिए हो रहे कीर्तन में सिविल वर्दी में पहुंच गई। जैसे ही आरोपी राम सिंह गुरुद्वारे के भीतर से कीर्तन करके बाहर निकला तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद अब पीड़ितों को उम्मीद बंधी है कि उन्हें उनका हड़पा हुआ पैसा वापस मिल सकेगा। पुलिस ने भी आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है कि वह इतने साल कहां छुपा रहा।
विज्ञापन




फरारी के बाद तलाश में थे पीड़ित
इंसाफ की लहर खातेदार वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन गुरभेज सिंह ने बताया कि आरोपी राम सिंह 9 साल से फरार था। उसकी ठगी के बाद उन्होंने संस्था बना ली थी। इसके बाद से ही वह उसकी तलाश में थे लेकिन कोई पता नहीं चल रहा था।

गुरभेज सिंह ने बताया कि आरोपी राम सिंह मूल रूप से भगता भाईका के गांव न्योर का रहने वाला है। 21 नवंबर को उन्हें किसी ने बताया कि राम सिंह अपने गांव आ रखा है। जहां से वह अपने भाई के ससुर के घर गांव महिमा भगवाना में किसी शादी समारोह में शामिल होगा। इसके बाद वह 21 नवंबर की शाम को वह खुद गांव महिमा भगवाना पहुंचे। जब वे वहां पहुंचे तो आरोपी ने अपना पूरा भेष बदला हुआ था लेकिन उन्होंने उसे पहचान लिया।

Trending Videos

एसएसपी को बताया
उन्होंने तुरंत बठिंडा के एसएसपी से बात की। पूरी बात सुनने के बाद एसएसपी ने कार्रवाई के लिए डीएसपी की ड्यूटी लगा दी। इसके बाद 22 नवंबर को सुबह ही पुलिस टीम सिविल वर्दी में शादी वाले घर में पहुंच गई। जब वे वहां पहुंचे तो काफी संख्या में मेहमान थे। गुरभेज के मुताबिक वहां से गिरफ्तार करने पर शादी समारोह में खलल पड़ता और हंगामा भी हो सकता था। इसलिए पुलिस ने आसपास निगरानी शुरू कर दी ताकि वह कहीं भाग न पाए।

22 नवंबर की दोपहर में करीब 1 बजे वह शादी वाले घर से निकला और गुरुद्वारे में जाकर शादी के उपलक्ष्य में चल रहे कीर्तन में शामिल हो गया। वह खुद भी वहां कीर्तन करने लगा। पुलिस के सामने मुश्किल थी कि गुरुद्वारे के अंदर से उसे नहीं पकड़ सकते थे। पुलिस गुरुद्वारे के बाहर इंतजार करती रही। वह करीब ढाई बजे बाहर निकला तो सिविल वर्दी में उसका इंतजार कर रही पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर लिया। जिसके बाद उसे गाड़ी में डालकर थाने ले गई।

आरोपी ने जीरकपुर में काटी फरारी, 2 बार भेष बदला
बठिंडा पुलिस की जांच के मुताबिक आरोपी पिछले नाै साल से जीरकपुर में छुपा हुआ था। जब वह लोगों से ठगी कर रहा था तो उसने पगड़ी पहनी थी और छोटी दाढ़ी रखी थी। हालांकि फरार होने के बाद उसने बाल छोटे करा लिए। हालांकि अब उसने फिर से दाढ़ी बढ़ा ली और अमृतधारी सिख की तरह गात्रा भी पहन लिया। वह कीर्तनिए की आड़ में पुलिस से बच रहा था।

2012 में कंपनी बनाई, बठिंडा में हेडक्वॉर्टर खोला
साल 2012 में अमरजीत सिंह ढींगरा, राम सिंह और नवजीत सिंह ने मिलकर सरव एग्रो इंडिया लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी। कंपनी का मुख्य दफ्तर बठिंडा के गुरु गोबिंद सिंह नगर स्थित निर्मल कॉम्प्लेक्स में था। बाद में इसने पंजाब के कई शहरों में अपनी शाखाएं खोलीं।

मशरूम फार्म दिखाकर निवेशकों का भरोसा जीता
कंपनी ने बठिंडा के गांव महिमा सरजा में तीन मशरूम फार्म बनाए। खाद प्लांट भी बनाया। मधुमक्खी पालन के साथ एक होटल को भी कारोबार का हिस्सा बताया। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक और एक निजी वित्तीय संस्थान से कर्ज लिया गया था।

विदेश से मशीनें भी मंगवाई गई थीं। कंपनी के संचालक लोगों को फार्म दिखाते और होटलों में बैठकें करके निवेश के लिए प्रेरित करते थे। इससे लोगों को लगता था कि कंपनी का वास्तविक कारोबार है और उनका पैसा सुरक्षित रहेगा।

ये कंपनी 18 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का वादा करती थी। लोगों को उदाहरण देकर समझाया जाता था कि 30 हजार रुपये लगाने पर पांच साल बाद 99 हजार रुपये मिलेंगे।
विज्ञापन

निवेश के नाम पर सिर्फ एक ही तरह की स्कीम नहीं थी
कंपनी ने लोगों को झांसा देने के लिए कई तरह की स्कीमें चलाईं। इनमें कंपनी की स्कीम में हर महीने एक हजार रुपये जमा कराने के लिए कहा गया। 6 साल तक 72 किश्तें यानी कुल 72 हजार रुपये जमा कराए गए। उन्हें कहा गया कि मैच्योरिटी पर 1 लाख 29 हजार 600 रुपये लौटाएंगे।

यह भी पता चला कि कंपनी की तरफ से इन पैसों से बकरी, बछड़े और गाय खरीदने-बेचने तक का मॉडल भी रखा गया था। इसके अलावा बरनाला रोड स्थित एक नामी होटल को भी कंपनी के कारोबार का हिस्सा बताकर प्रचारित किया जाता था।

वहीं कंपनी के एजेंट लोगों को एफडी, आरडी और ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 18 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का लालच देते थे।

2016-17 में कंपनी के संचालक हुए फरार
इसके बाद कंपनी के संचालक 2016-17 में सारा पैसा लेकर फरार हो गए। साल 2017 में उन्होंने बठिंडा में अपना ऑफिस भी बंद कर दिया। जब लोगों ने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो उन्हें रकम नहीं मिली। कंपनी के कार्यालय पर ताले लग गए। मशरूम फार्म भी बैंकों के कब्जे में चले गए, क्योंकि कंपनी बैंक कर्ज की किश्तें नहीं चुका रही थी।

पुलिस ने निवेशकों की शिकायत पर एफआईआर की
पुलिस ने इस मामले में निवेशकों की शिकायत पर केस दर्ज किया। जिनमें अमरजीत सिंह ढींगरा, राम सिंह, नवजीत सिंह, लछमन सिंह, किशन सिंह, जिदप्रीत कौर, कुशलदीप सिंह, अमनदीप कौर, जतिंदर उर्फ जिप्पी, विजय नेगी और परवीन रानी को आरोपी बनाया गया। बठिंडा कैंट थाने में भी इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई।

केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गए। इसमें से कंपनी के एमडी अमरजीत ढींगरा को अरेस्ट कर लिया गया था। जो अब जेल में है। राम सिंह कंपनी का डायरेक्टर था, जिसे अब पकड़ा गया है। वह साल 2017 से ही फरार चल रहा था। कोर्ट ने भी उसे भगोड़ा करार दे रखा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें