पंजाब के बठिंडा में शराब के नशे में युवकों ने दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना रविवार रात की है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय इमरोज सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस तथा मृतक के दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार इमरोज सिंह (22) रविवार शाम को अपने दोस्तों से मिलने के लिए अजीत रोड स्थित एक पीजी सेंटर में आया हुआ था, जहां उसके 10-12 दोस्त मौजूद थे। सभी दोस्तों ने मिलकर शराब पी। बाद में किसी बात को लेकर इमरोज की अपने कुछ दोस्तों के साथ आए युवकों के साथ कहासुनी हो गई।
अजीत रोड से ये सभी लोग मॉडल टाउन फेज-3 की मार्केट में दादी-पोती पार्क के सामने चले गए। वहां पर उक्त लड़कों की फिर से इमरोज के साथ झड़प हो गई। इस दौरान 4-5 युवकों ने मिलकर तेजधार हथियार से इमरोज पर हमला करके उसे गंभीर जख्मी कर दिया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को गांव लालबाई की पंचायत व मृतक युवक के परिजन सिविल लाइंस थाने पहुंचे व आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। डीएसपी सिटी-1 सरबजीत सिंह ने बताया कि शराब के नशे में मामूली कहासुनी से बात बढ़ गई जिसके बाद 4-5 युवकों ने मिलकर इमरोज की हत्या कर दी व फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है व जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।