सुनाम की विकेट जोन क्रिकेट अकादमी के मालिकों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अकादमी के मालिक राजेश कुमार शर्मा और अश्वनी टक्कर के अनुसार, वे बीडीपीओ कार्यालय के पास एक छोटी क्रिकेट अकादमी चलाते थे। इस दौरान उनकी मुलाकात विक्की शर्मा से हुई, जिसे उन्होंने अकादमी का कोच नियुक्त कर लिया।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता का दिया झांसा
उन्होंने आरोप लगाया कि विक्की शर्मा ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों से अपने नजदीकी संबंधों का हवाला देकर अकादमी को बड़े स्तर पर शुरू करने का झांसा दिया। उसने दावा किया कि वह उनके ग्राउंड को पीसीए से मान्यता दिलवा देगा।
उसके झांसे में आकर मालिकों ने करीब 6 एकड़ जमीन लीज पर ले ली। विक्की शर्मा ने नए ग्राउंड में घास लगाने, पिच तैयार करवाने और मान्यता दिलाने की जिम्मेदारी अपने सिर ली और अलग-अलग बहानों से अपने व अपने परिजनों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाता रहा।
मालिकों के मुताबिक, आरोपी उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 17,09,510 नकद और बैंक खातों के जरिए ऐंठ चुका था, जबकि कोच के रूप में अपनी सैलरी अलग से लेता रहा।
जब ग्राउंड तैयार नहीं हुआ और न ही पीसीए का कोई अधिकारी निरीक्षण के लिए आया, तो मालिकों ने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर विक्की शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं।
पीड़ित मालिकों द्वारा न्याय की गुहार लगाते हुए एसएसपी संगरूर को शिकायत सौंपी गई थी। मामले की विस्तृत जांच के बाद सुनाम पुलिस ने संगरूर के विक्की शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।