मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में धान खरीद को लेकर समीक्षा बैठक की।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को धान की खरीद को लेकर एक समीक्षा बैठक की। मान ने किसानों से अपील की है कि सरकार एक-एक दाने की खरीद के लिए तैयार है, लेकिन किसान अपनी फसल पूरी तरह सुखाकर मंडियों में लाएं, ताकि बिक्री में किसी भी प्रकार की देरी न हो। मान ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर किसी भी किसान को खरीद सीजन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। धान की खरीद सुचारू खरीद को लेकर मंगलवार को सीएम मान ने समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि वह संपूर्ण खरीद प्रक्रिया की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे। पिछले वर्षों की तरह इस साल भी राज्य सरकार पंजाब में सुचारू और समयबद्ध खरीद करेगी। किसानों को समय पर भुगतान भी किया जाएगा। मान ने कहा कि धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है और 175 लाख मीट्रिक टन खरीद के लिए पहले ही व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने राज्य की खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मौजूदा सत्र में धान की खरीद के लिए पूरी तरह तैयार रहें। पंजाब मंडी बोर्ड ने खरीदी सत्र 2025-26 में झोने की खरीद के लिए 1822 नियमित खरीद केंद्रों को अधिसूचित किया है। सभी नोटिफाइड मंडियां खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामले विभाग पंजाब को आवंटित की गई हैं। हर स्तर पर ठोस प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पूरी खरीद प्रक्रिया किसानों को किसी प्रकार की परेशानी दिए बिना पूरी की जाएगी।