पंजाब के बरनाला में एक छात्रा गरीबी का बोझ सह नहीं पाई। छात्रा के पास अपनी कॉलेज फीस देने के लिए भी रुपये नहीं थे। इसी बात के चलते छात्रा ने मौत को गले लगा लिया।
बरनाला जिले के विधानसभा हलका महल कलां के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक गांव ठीकरीवाल में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। गांव की 23 वर्षीय कॉलेज छात्रा रमनदीप कौर ने मानसिक परेशानी के चलते अपने घर की छत में लगे गार्डर से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली।
विज्ञापन
थाना सदर प्रभारी जगजीत सिंह ने बताया कि मृतका रमनदीप कौर का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। गरीब परिवार की बेटी रमनदीप कौर बरनाला के एक कॉलेज में पढ़ती थी। कॉलेज की फीस जमा न कर पाने के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। इसके चलते उसने ऐसा भयावह कदम उठा लिया।
मृतका की माता रानी कौर के बयानों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि गरीब परिवारों के बच्चों के लिए फीस माफी और आर्थिक सहायता का प्रबंध किया जाए।