बयान दर्ज करवाने पहुंचे पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चटोपाध्याय
- फोटो : अमर उजाला
ड्रग मनी मामले में अकाली नेता बिक्रम मजीठिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चटोपाध्याय ड्रग मनी केस की जांच में शामिल हो गए हैं। पूर्व डीजीपी पंजाब पुलिस आफिसर इंस्टीट्यूट चंडीगढ़ में विजिलेंस अधिकारियों के सामने बयान दर्ज कराने पहुंचे।
विजिलेंस ने पूर्व डीजीपी को मजीठिया के खिलाफ चल रही जांच में शामिल होने के लिए बुलाया था। सिद्धार्थ चटोपाध्याय के डीजीपी रहते बिक्रम मजीठिया के खिलाफ ड्रग्स मामले की जांच की गई थी। विजिलेंस को उम्मीद है कि पूर्व डीजीपी चटोपाध्याय मजीठिया के ड्रग्स कारोबार से लिंक पर कई महत्वपूर्ण खुलासे कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बटाला में फायरिंग: गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या, बाॅडीगार्ड भी मारा गया
540 करोड़ के ड्रग व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पकड़े गए हैं मजीठिया
पंजाब विजिलेंस ने 540 करोड़ के ड्रग व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को अमृतसर से गिरफ्तार किया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि अकाली दल के नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ कार्रवाई पूरे कागज जुटाकर और पक्के पैरी की गई है। विपक्ष काफी समय से आरोप लगा रहा था कि बड़ी मछलियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब जब वह बड़ी मछलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं तो पूरा विपक्ष एकजुट हो गया।