भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति सामान्य होने पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद से बंद की गई रिट्रीट सेरेमनी दोबारा शुरू हो गई है। मंगलवार को बीएसएफ जवानों और पाकिस्तानी रेंजर्स के बीच शाम साढ़े छह बजे रिट्रीट सेरेमनी हुई। पंजाब के अमृतसर स्थित अटारी-वाघा बॉर्डर और फिरोजपुर के हुसैनीवाला और सादकी बॉर्डर पर एक बार फिर से रिट्रीट सेरेमनी हुई। तीनों बॉर्डरों पर सात मई से रिट्रीट सेरेमनी को बंद कर दिया गया था। लगभग दो सप्ताह बाद फिर से इसे शुरू किया गया है। अमृतसर स्थित अटारी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में लोग रिट्रील सेरेमनी देखने पहुंचे। कई दिनों बाद बॉर्डर पर देशभक्ति के गीत गूंजे और लोगों ने खूब आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते दोनों देशों के बीच होने वाली रिट्रीट सेरेमनी के अलावा फेंसिंग पर लगे गेट भी बंद कर दिए गए थे। फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में फेंसिंग पर लगे गेट किसानों के लिए खोल दिए गए हैं ताकि फेंसिंग पार जमीन पर खेती कर सके।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि हुसैनीवाला, सादकी और अटारी वाघा बॉर्डर पर मंगलवार शाम 6:30 बजे बीएसएफ जवानों और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच रिट्रीट सेरेमनी होगी। सेरेमनी देखने के लिए आम पब्लिक भी अब आ सकेगी। इसके अलावा सरहद पर लगी फेंसिंग पर लगे गेट बंद कर दिए गए थे और और किसानों का भी फेंसिंग पर जाना बंद कर दिया था। अब दोनों देशों के बीच स्थिति सामान्य हो चुकी है। फेंसिंग पर लगे गेट किसानों के लिए खेती करने के लिए खोल दिए गए हैं।
बीएसएफ अधिकारियों का कहना है कि पहले उन्होंने फेंसिंग पार सारी जमीन को चेक किया था ताकि दुश्मन कहीं खेत में बारूदी सुरंग बिछा कर न गए हों। सभी खेतों को चेक करने के बाद आज फेंसिंग पर लगे गेट खोल दिए गए हैं और किसान अब फेंसिंग पार जमीन पर खेती करने के लिए जा सकेंगे। मालूम हो कि बीएसएफ ने तनाव के चलते फेंसिंग पर लगे गेट लगभग 28 दिन तक बंद रखे थे।