मोहाली में गमाडा कार्यालय में लगातार तीसरे दिन चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वीरवार को जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता गमाडा कार्यालय के बाहर पहुंचे और ईडी की कार्रवाई के विरोध में रोष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और गमाडा परिसर में दाखिल हो गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
आप कार्यकर्ताओं ने गमाडा कार्यालय के अंदर पहुंचकर ईडी टीम तक जाने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात सीआरपीएफ जवानों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी और आक्रामक हो गए। आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने गमाडा कार्यालय की खिड़कियों पर पत्थर मारे, जिससे कई शीशे टूट गए।
वहीं ईडी टीम की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ने के साथ ही कुछ वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए सीआरपीएफ को भी अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित कर प्रदर्शन समाप्त करवाया।
एसएसपी मोहाली वरुण शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग आक्रामक हो गए थे, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि मौके पर गाड़ी तोड़े जाने की घटना हुई है और इसमें कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को अब समाप्त करवा दिया गया है और आगे जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले में करीब 8-10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
ईडी टीम की सुरक्षा के लिए पुलिस-सीआरपीएफ तैनात
ईडी की कार्रवाई के चलते गमाडा कार्यालय में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। गुरुवार को आप कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ जवान भी मौके पर तैनात रहे। पुलिस का कहना है कि यदि दोबारा कोई प्रदर्शन या भीड़ जुटती है तो ईडी टीम को पूरी सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
बिट्टू बोले-ड्रामों से सच नहीं छिपता
आम आदमी पार्टी के ईडी टीमों के घेराव पर रवनीत बिट्टू ने कहा कि धरनों के ड्रामे से सच नहीं छिपता। यह तो वही बात हुई-उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।
चीमा बोले- चुनाव करीब आते ही तेज हुईं छापेमारी
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रदेश में ईडी की बढ़ती कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। चीमा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, पंजाब में ईडी की छापेमारी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ये केवल छापे नहीं हैं, बल्कि केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। चीमा ने आरोप लगाया कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजनीतिक चुनौती महसूस होती है, ईडी को आगे कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब डराने-धमकाने की राजनीति के आगे न पहले झुका है और न आगे झुकेगा।