फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में दर्दनाक सड़क हादसा: टिप्पर ने बाइक को मारी टक्कर, 25 वर्षीय युवक की मौत; साथी गंभीर घायल

Sun, 15 Nov 2026 12:49 PM IST
शाहिल शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, कपूरथला

सार

टिप्पर द्वारा बाइक को टक्कर मारने के बाद हादसा हुआ। बाइक पर पीछे बैठ युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। 
विज्ञापन
सड़क हादसे में युवक की मौत - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नडाला-सुभानपुर रोड पर शनिवार शाम करीब चार बजे शर्मा पेट्रोल पंप के सामने मिट्टी से लदे एक टिप्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, टिप्पर नंबर PB-06-V-5107 नडाला चौक से सुभानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे टिप्पर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद टिप्पर उन्हें मोटरसाइकिल समेत करीब 40-50 फीट तक घसीटता ले गया।

हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे रजिंदर सिंह (25) पुत्र प्यारा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा राहुल पुत्र मनजीत सिंह, निवासी गांव हैबतपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल राहुल को सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम और राहगीरों की मदद से वालिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। राहुल ने बताया कि वह अपने साथी के साथ सुभानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए टिप्पर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज नौनिहाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, नडाला पुलिस चौकी के इंचार्ज बलजिंदर सिंह भी पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

दिन में टिप्परों की आवाजाही पर प्रतिबंध
मृतक के चाचा धर्मिंदर कुमार निवासी गांव हैबतपुर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर नो एंट्री के तहत दिन के समय टिप्परों की आवाजाही पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद ये वाहन लगातार बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दिन के समय टिप्परों की आवाजाही पर लगी पाबंदी को सख्ती से लागू किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

बताया जा रहा है कि मृतक और उसके साथी ने कुछ दिन पहले ही दिवाली के मौके पर नया मोटरसाइकिल खरीदा था। नई बाइक के साथ संजोए उनके सपने एक दर्दनाक हादसे ने बिखेर दिए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें