अखिल भारतीय किसान कमेटी के चेयरमैन व सब-डिवीजन भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा पर थाना भुलत्थ में एसडीएम संजीव कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। एसडीएम भुलत्थ ने पुलिस को शिकायत दी कि 29 मार्च को सुखपाल खैरा फसलों के नुकसान को लेकर की जा रही गिरदावरी की शिकायत लेकर उनके दफ्तर अपने साथियों समेत पहुंचे और उन्हें धमकाया था। इसे फेसबुक पर लाइव भी किया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष व विधायक भुलत्थ सुखपाल सिंह खैरा ने इन आरोपों को नकार दिया। उनका कहना है कि यह एफआईआर एसडीएम कार्यालय के बाहर उनके द्वारा गेहूं की फसल के नुकसान के लिए विशेष गिरदावरी करने में जिला प्रशासन की अक्षमता के विरोध में धरने का परिणाम है।
एसडीएम ने धरनास्थल पर आकर लोगों को आश्वस्त किया कि चूंकि सरकार के पास पटवारियों की कमी है, इसलिए वे शीघ्र ही त्वरित मूल्यांकन व्यापक विशेष गिरदावरी सुनिश्चित कराने का भरसक प्रयास करेंगे।
उनका भाषण मेरे (खैरा) द्वारा मेरे फेसबुक अकाउंट पर साझा वीडियो का एक हिस्सा है। खैरा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) का दुरुपयोग करने, सिख युवाओं को असम जेल भेजने, सिख युवाओं, महिलाओं और बच्चों की सामूहिक गिरफ्तारी और अन्य क्रूर कार्यों के लिए भगवंत मान की मुखर आलोचना के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।