नवांशहर। कस्बा बंगा के पास गांव बाहड़ मजारा के पास शुक्रवार सुबह एक स्कूटर सवार को बचाते हुए बस खतानों में पलट गई।
हादसे में बस में सवार 29 यात्री घायल हो गई। सुबह करीब 9 बजे हुए इस हादसे में घायल अधिकतर यात्रियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत छुट्टी दे दी गई है। यह बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर ब्यास जा रही थी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों की सहायता से घायलों को बंगा के सिविल अस्पताल तथा ढाहां कलेरां के अस्पताल में भर्ती करवाया।
बंगा के डीएसपी हंस राज, एसडीएम अरविंद कुमार, तहसीलदार जसपाल कौर व नायब तहसीलदार जेपी सलवान ने बताया कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र से श्रद्धालुओं का जत्था बस में सवार होकर माछीवाड़ा से डेरा ब्यास को जा रहा था।
जब यह बस गांव बाहड़ मजारा के पास पहुंची तो बस का ड्राईवर एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस पर संतुलन खो बैठा और बस खतानों में पलट गई।
सभी घायल कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से संबंधित हैं। घायलों में अशोक कुमार, राम पाल, मेहा सिंह, शीला, राकेश कुमार, पुष्पा, शारदा बंसल, बलकार सिंह, नरिंदर कौर, गुलशन, प्रीतू, किशन, कमल, भीमराज, राज भल्ला, चंपा देवी, विमला, प्रकाश गुप्ता, फूलो देवी, राजेश, प्रीति, डा. राजेश, रितु, माला, रोशनी, पुष्पा, दिलबाग सिंह, कुनाल तथा बस का ड्राईवर दविंदर सिंह शामिल हैं। ढाहां कलेरां के अस्पताल में उपचाराधीन घायलों कुनाल व दविंदर को डाक्टरों ने पीजीआई रेफर किया गया है, जबकि बाकी सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।