मलोट-फाजिल्का रोड गांव आलमवाला के निकट कार-कैंटर की टक्कर में कार सवार एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। वहीं कैंटर चालक समेत चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रमनदीप कक्कड़ पुत्र लेख राज वासी अरनीवाला शेख सुभान अपनी पत्नी प्रिया, भाभी सुमन, भतीजे आयूश, भतीजी रुहानी व मौसी के लड़के राहुल पुत्र भजन के साथ रविवार देर रात स्विफ्ट कार के जरिये गांव अस्पताल जा रहे थे कि गांव आलमवाला के पास उनकी कार व कैंटर की टक्कर हो गई।
इस हादसे में रमनदीप कक्कड़ (27), उसकी भाभी सुमन (27) पत्नी करणदीप उर्फ सन्नी व भतीजी रुहानी (डेढ़ साल) की मौत हो गई। रमनदीप की पत्नी प्रिया, भतीजा आयूश व मौसी का बेटा राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को विभिन्न अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। इस हादसे में कैंटर चालक संजय कुमार को भी चोटें लगीं, उसे भी रेफर कर दिया गया। कबरवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया है। गौरतलब है कि रमनदीप की करीब चार माह पहले ही शादी हुई थी। सभी रमनदीप की गांव असपाल में रहने वाली मौसी के यहां शादी के बाद पहली बार दावत पर जा रहे थे।