जालंधर में श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में मंगलवार से आरंभ हुए मेले में अभी तक लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में माथा टेका। बुधवार को सुबह सुधार कमेटी की तरफ से हवन तथा कीर्तन किया गया।
लोगों ने बैंड बाजों के साथ अपने बच्चों का माथा बाबा के चरणों में टेका। मेले के दौरान जहां भक्तों की भीड़ रही वहीं जेब कतरे भी सरगर्म रहे। पुलिस ने मेले के दौरान सात जेब कतरों को पकड़ा है। यही नहीं मेले के दौरान साउंड पर बच्चों के गुम होने के समाचार भी चलते रहे। रास्ते खराब होने के कारण लोग निगम को भी कोसते दिखाई दिए।
मंदिर कमेटी तक बाबा के दरबार में बुधवार को 12.18 लाख रुपये और मंगलवार को 7.47 लाख रुपये का चढ़ावा चढ़ाया गया। इसके बाद अब रात को चढ़ावे की गिनती होगी। मेले के दौरान बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। मेले के दौरान लंगरों का सिलसिला भी चलता रहा। मेले के दौरान जहां नेताओं ने लंगरों का उद्घाटन किया वहीं बाबा सोढल के दरबार में माथा भी टेका।
ट्रांसपोर्ट मंत्री ने भी लगाई हवन में हाजिरी
श्री सिद्ध बाबा सोढल सुधार सभा की तरफ से सुबह हवन करवाया गया व नीरू एंड पार्टी ने कीर्तन किया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ हाजिरी लगाने के लिए विशेष तौर पर हाजिर हुए। मेले के दौरान सीपीएस केडी भंडारी, मेयर सुनील ज्योति, पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह नागरा, आज्ञा पाल चड्ढा, सतनाम बिट्टा, पंकज चड्ढा, कमलजीत, सुनील गांधी, विशाल, प्रिंस, ललित तथा भारी गिनती में सभा के सदस्या हाजिर हुए।
युवाओं को हुल्लड़बाजी से रोका
मेले के दौरान जेब कतरे भी ड्यूटी पर तैनात रहे। पुलिस ने मेले से 7 जेब कतरों को पकड़ा है, जिन्हें पुलिस चौकियों में भेज दिया गया है। एडीसीपी सिटी-1 नरेश डोगरा के मुताबिक पुलिस मेले में मुस्तैदी से चक्कर लगा रही है।
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। युवाओं को भी हुल्लड़बाजी से रोका जा रहा है।
महंगाई का दिख रहा है असर
बाबा सोढल मेले में सजी दुकानों पर महंगाई का असर दिखाई दे रहा है। मेले में दुकानें सजाने वाले संजीव कुमार, रंजीत तथा दलीप सिंह का कहना है कि मेले में संगत का हजूम तो दिखाई दे रहा है लेकिन दुकानदारी ठंडी है। इस बार चीजें महंगी हैं, जिस कारण लोग बच्चों को अधिक खरीददारी नहीं करवा रहे हैं।
चोरी की बिजली से चल रहे हैं झूले
मेले में लगे झूले तथा स्पीकर चोरी की बिजली से चल रहे हैं। पावरकॉम की आंखों में धूल झोंकने के लिए लोगों ने जनरेटर का प्रबंध तो किया है लेकिन वे बंद पड़े हुए हैं। हैरानी तो यह है कि पावरकॉम चुप्पी साधे हुए है। पावरकॉम के एसई गोपाल शर्मा का कहना है कि बिजली चोरी उनके ध्यान में नहीं है।
अगर ऐसा हो रहा है तो वे अभी टीमें भेज चेक करवाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए लगे हैं लंगर
मेले के दौरान लोगों के लिए लंगर की कमी नहीं है। एक-एक साथ दो तरह के लंगर लगे हुए हैं। बच्चों के लिए आइसक्रीम के स्पेशल लंगर का भी प्रबंध है। इसके अतिरिक्त पूरी छोले, हलवा, दाल रोटी, फ्रूट, टॉफियां तथा विभिन्न पदार्थ के लंगर लगे हुए हैं।
मेले के दौरान नहीं हुई सफाई, टूटी हैं सड़कें
मेले में आने वाली संगत नगर निगम को कोस रही है। हाउस में पास होने के बावजूद नगर निगम ने सड़कों की तरफ ध्यान नहीं दिया है। बताया जा रहा है कि खजाना खाली होने के कारण इस बार सड़कें नहीं बन पाई हैं। मेले के दौरान सफाई व्यवस्था भी अधूरी है।
रूट पर लगे डंप से कूड़ा हटाया ही नहीं गया है। हैरानी तो यह है कि निगम के मेयर सुनील ज्योति खुद मेले में मौजूद रहे। मेयर का कहना है कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हिदायतें जारी हैं। अगर कहीं से कूड़ा नहीं हटाया गया है तो उसे हटा दिया जाएगा।