साहिब सिंह की पढ़ाई में जिला प्रशासन देगा हर तरह का सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। पिछले दिनों गांव जगतपुर-टांडा के पास ब्यास दरिया की धुस्सी बांध में आई दरार को भरने में जिला प्रशासन के साथ दिन रात सहायता करने वाले गांव मस्तकोट के युवा साहिब सिंह को डीसी डाॅ. हिमांशु अग्रवाल ने अपने कार्यालय में बुलाकर विशेष तौर पर सम्मानित किया। कलानौर के गांव मस्तकोट निवासी साहिब सिंह इस समय सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल वडाला बांगर में 12वीं कक्षा का छात्र है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों जब धुस्सी बांध में आई दरार को भरा जा रहा था तो डीसी ने रात के दो बजे चल रहे बचाव कार्य को देखने पहुंचे थे। उस दौरान यहां जिला प्रशासन के मुलाजिम और संगत सेवा कर रही थी। वहीं, साहिब सिंह नामक यह युवा भी बोरियों को उठा-उठाकर दरार को भर रहा था। इस युवा के जज्बे को देखकर डीसी ने उस समय भी साहिब सिंह को शाबाशी दी थी और कहा था कि साहिब सिंह और उसकी सेवा उन्हें पूरी उम्र याद रहेगी।
डीसी अग्रवाल ने साहिब सिंह द्वारा दिए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस छोटी आयु में अपने समाज और देश की सेवा करने का जज्बा साहिब सिंह को दूसरों से अलग बना देता है। ऐसे हिम्मत वाले युवा हमारे समाज को सही मार्गदर्शन और ऊर्जा देने का काम करते हैं। जिला प्रशासन की ओर से साहिब सिंह की 12वीं की पढ़ाई और उसके बाद उसकी आईटीआई डिप्लोमा करने की इच्छा अनुसार उसकी पढ़ाई में हर तरह की मदद की जाएगी। पढ़ाई खत्म होने के बाद भी जिला प्रशासन साहिब सिंह को नौकरी दिलाने में हरसंभव सहायता करेगा। साहिब सिंह जैसे ऐसे साहस युवाओं पर उन्हें गर्व है। उन्होंने साहिब सिंह की पढ़ाई में सहायता करने के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया।