संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा अजनाला क्षेत्र के गांव सुल्तान माहल में एक 17 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने आशंका जताई है कि नशे की ओवरडोज से उसकी जान गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मौत के कारणों का पता लगाकर इंसाफ दिलाने की अपील की है। उनका कहना है कि इतनी कम उम्र में युवक की मौत बेहद दुखद है। घटना की जानकारी मिलने के बाद किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी गांव सुल्तान माहल पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर घटना पर चिंता जताई। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पंजाब में युवाओं तक नशे की पहुंच एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने इस समस्या पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई। प्रतिनिधियों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया।