जसकीरत सिंह उर्फ जस्सी हत्याकांड के तीनों आरोपियों को सीजेएम की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सोमवार दोपहर को सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने पुलिस बल के साथ जसकीरत सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी परविंदर सिंह उर्फ शैली उर्फ भिंडी, राजविंदर सिंह उर्फ राजा और अर्शदीप सिंह को न्यू ज्यूडीशियल कांप्लेक्स नूरपुर दोनां स्थित सीजेएम मनप्रीत कौर की अदालत में पेश किया।
जसकीरत हत्याकांड एक्शन कमेटी भंग
जसकीरत सिंह के कातिलों को गिरफ्तार करवाने के लिए गठित 21 सदस्यीय कमेटी को भंग कर दिया गया है। श्री सनातन धर्म सभा में सोमवार दोपहर को बैठक आयोजित हुई। इसमें एक्शन कमेटी के कन्वीनर सुभाष मकरंदी और कुलवंत जोसन ने कहा कि जिस उद्देश्य से कमेटी का गठन किया गया था, वह पूरा हो गया है।
इसलिए अब इस कमेटी की कोई उपयोगिता नहीं है। इसलिए कमेटी को भंग किया जा रहा है। मकरंदी और जोसन ने कहा कि बेशक एक्शन कमेटी भंग हो गई, लेकिन शहर की सड़कों, चौराहों और विभिन्न प्वाइंटों पर सीसीटीवी इंस्टाल करने का वायदा हर हाल में पूरा किया जाएगा।
जल्द ही पुलिस, काउंसिल व शहरवासियों की संयुक्त कमेटी का गठन करके इस काम को पूरा किया जाएगा। इस दौरान नरेश पंडित, विजय खोसला, राकेश चोपड़ा, डॉ. रणवीर कौशल, बॉबी भसीन, गुरमुख सिंह ढोड, जसविंदरपाल उग्गी, गुरप्रीत सिंह, बंटी वालिया, भरत महाजन, करण महाजन, जसविंदर बत्तरा, हरजीत सिंह काका और संदीप बजाज मौजूद थे।