संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पुलिस द्वारा स्पेशल नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। गाड़ी चला रहे युवक ने पुलिस का नाका तोड़ा और नाके पर मौजूद पुलिस वालों पर गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार जीटी रोड पर स्थित कस्बा जंडियाला गुरु में थाना जंडियाला की पुलिस द्वारा एएसआई जुगल किशोर की अध्यक्षता में नाकाबंदी की गई थी। इस नाकाबंदी के दौरान दिल्ली नंबर की आई - 20 कार को संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया। आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस वालों पर चढ़ा दी। पुलिस वालों ने मौके पर भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी ने इस दौरान गाड़ी भगाने की कोशिश में वहां पर मौजूद अन्य लोगों के वाहनों पर भी गाड़ी चढ़ा दी, इससे लोगों के वाहनों का काफी नुकसान हुआ। इस दौरान मौके पर मौजूद गुरप्रीत सिंह व अरुण कुमार नाम के व्यक्ति घायल भी हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।