बीएसएफ और पुलिस ने सीमांत क्षेत्र रानियां में चलाया सर्च ऑपरेशन, चमकीली पट्टी और हुक भी मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। भारत-पाक सीमांत थाना लोपोके की पुलिस ने बाॅर्डर सिक्योरिटी फोर्स के साथ बुधवार को सीमांत क्षेत्र रानियां में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पाकिस्तानी ड्रोन के जरिये फेंकी गई एक किलो हेरोइन बरामद हुई। यह हेरोइन बाॅर्डर ऑब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) रानियां के खेत में मिली। इन पैकेटों के साथ चमकीली पट्टी और हुक भी मिला है। लोपोके पुलिस ने सामान कब्जे में लेने के बाद अज्ञात के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोपोके थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बीएसएफ के इंस्पेक्टर खेमा राम सहाग की शिकायत पर केस दर्ज किया है। सूचना के बाद बुधवार को पुलिस टुकड़ी ने बीएसएफ के साथ मिलकर बीओपी रानियां के गांव रानिया में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एक खेत से पैकेट मिला, जिसके साथ चमकीली पट्टी और हुक बरामद हुआ। इसके करीब पचास मीटर की दूरी पर अन्य पैकेट में एक किलो 70 ग्राम (पैकिंग समेत) हेरोइन मिली। हेरोइन के पैकेटों के साथ पट्टी और हुक का होना बताता है कि इन्हें पाकिस्तान की ओर से आए ड्रोन से गिराया गया है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।