तरनतारन में तस्करों के बारे में जानकारी देते एसपी इन्वेस्टिगेशन व अन्य पुलिस अधिकारी।
- फोटो : AMRITSAR
थाना सिटी की पुलिस ने दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को 170 ग्राम हेरोइन और तीन लाख पांच हजार रुपये की भारतीय करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के संबंध पाकिस्तान और दुबई के नशा तस्करों से पाए गए हैं।
इस संबंध में एसपी इंवेस्टिगेशन हरजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि तरनतारन के एसएसपी ध्रुव दहिया के दिशा निर्देशों पर थाना सिटी की पुलिस गश्त के दौरान तरनतारन झबाल रोड पर मौजूद थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। तब युवक पुलिस पार्टी को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। उन्होंने अपनी जेबों से प्लास्टिक के लिफाफे नीचे फेंक दिए। पुलिस ने बड़ी मुस्तैदी से दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। प्रताप सिंह वासी आसल उताड ने अपनी जेब से जो लिफाफा नीचे गिराया था, उसमें से 100 ग्राम हेरोइन और दो लाख पाच हजार रुपये की भारतीय करेंसी बरामद हुई। जबकि उसके साथी युवक अवतार सिंह वासी नौशहरा ढाला से पुलिस ने 70 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये की भारतीय करेंसी बरामद की।
एसपी इंवेस्टिगेशन हरजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक अंतरराष्ट्रीय तस्कर हैं। इन दोनों के पाकिस्तान और दुबई से संपर्क हैं। यह लोग पाकिस्तान से हीरोइन मंगवाकर भारत के विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों से जो मोबाइल बरामद किया है। उसमें दुबई का व्हाट्सएप नंबर हैं। दुबई के नंबर पर चलने वाले व्हाट्सएप पर पाकिस्तान में संपर्क कर यह लोग पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाते थे। एसपी इंवेस्टिगेशन ने बताया कि पुलिस शीघ्र ही आरोपियों का रिमांड ले रही है। जल्दी ही इनसे और बड़े नशा तस्करों का खुलासा होने की संभावना है।