रेफरेंडम 2020 समर्थक महिला दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार
मलयेशिया निवासी कुलबीर कौर को छह दिन के रिमांड पर भेजा
आतंकी गतिविधियों की फंडिंग करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। बटाला पुलिस ने रेफरेंडम 2020 समर्थक एक महिला कुलबीर कौर को गिरफ्तार किया है। महिला को 31 मई 2018 में थाना रंगड नंगल में दर्ज मामले में नामजद किया गया था। मलयेशिया की रहने वाली कुलबीर कौर के खिलाफ पुलिस ने आतंकवादी निरोधक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कुलबीर कौर पर आतंकी गतिविधियों की फंडिंग करने का आरोप है।
कुलबीर कौर का बटाला पुलिस द्वारा लुक आऊट भी जारी किया गया था। बटाला पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। एएसपी बटाला उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने बताया कि कुलबीर कौर जैसे ही मलेशिया की फ्लाइट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी, सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर बटाला पुलिस उसे दिल्ली से लेकर आई। शुक्रवार देर सांय अदालत में पेश करके 6 दिन की पुलिस रिमांड में लिया गया।
एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने बताया कि पिछले साल 31 मई को कुछ अज्ञात लोगों ने बटाला-श्री हरगोबिंदपुर रोड पर गांव हरपुरा धंधोई और पंजगराइयां में शराब के दो ठेकों को आग लगा दी थी। मामले की जांच के लिए तत्कालीन डीएसपी सिटी सुच्चा सिंह बल की अगुवाई में एसआईटी बनाई गई थी। एसआईटी ने जांच करके हरपुरा के रहने वाले धरमिंदर सिंह सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया था, जिसने ठेकों को आग लगाने का जुर्म कबूल किया था। पुलिस जांच में धरमिंदर सिंह ने एसआईटी को बताया था कि वह सिख फॉर जस्टिस के लीगल एडवाइजर गुरपत्तवंत सिंह पन्नू, परमजीत सिंह पम्मा यूके, मान सिंह यूके और कुलबीर कौर मलेशिया के संपर्क में था और उसे यह लोग फंडिंग कर रहे थे।