अमृतसर के माल रोड स्थित एक निजी होटल में ठहरीं दो युवतियों की तबीयत अचानक खराब हो गई। इन्हें पास के ही एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इनमें से एक लड़की ने दम तोड़ दिया, दूसरी को होश आ चुका है पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मृतका की पहचान सिमरन निवासी शिमला के तौर पर हुई है। वहीं दूसरी लड़की दिल्ली की रहने वाली है।
घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने के बाद एसीपी नार्थ सरबजीत सिंह बाजवा ने बताया कि माल रोड के ओरियन होटल में दो सहेलियां ठहरी थीं जिनमें से शिमला के कृष्णा नगर की सिमरन भाटिया और दिल्ली की जूली शर्मा को बेहोशी की हालत में बटाला रोड के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। एसीपी ने आशंका जताई कि नशे की ओवरडोज या फूड प्वाइजनिंग के कारण दोनों की तबीयत बिगड़ी है। इसकी वजह से एक लड़की की मौत हो चुकी है जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा।
मंगलवार दोपहर को अमृतसर पुलिस ने सिमरन के परिवार से बात की तो पता चला कि सिमरन के माता-पिता दिव्यांग हैं, उसके भाई की पहले मौत हो चुकी है। सिमरन एक निजी कंपनी में नौकरी करती है, पूरे घर का खर्च वही चलाती थी। सिमरन अपने मां बाप से घर से यह कहकर निकली थी कि वह कालका में ही है।
घटनास्थल पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर मोहित शर्मा ने कहा कि होटल का सारा रिकॉर्ड कब्जे में ले लिया गया है दोनों लड़कियों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और उनकी डीवीआर को भी कब्जे में ले लिया गया है पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।