शुगर मिल के पास शनिवार देर रात हाईवे पर एक बस ने दो प्रवासी भाइयों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बिहार के रहने वाले थे और टाइल लगाने का काम करते थे। वो काम खत्म करने के बाद बाइक पर घर आ रहे थे।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक सतनाम सिंह निवासी गांव तिब्बड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार अजय गिरी (28) और विजय गिरी (27) दोनों पुत्र तूफानी गिरी निवासी गांव पंशखडवा जिला बापूधाम मोतीहारी (बिहार) टाइल लगाने का काम करते थे। दोनों भाई बटाला के काहनूवान रोड पर किराए के मकान में रहते थे।
वो गांव बुलोवाल के एक घर में टाइल लगाने का काम कर रहे थे। रात के समय काम करने के बाद दोनों बाइक पर घर आ रहे थे। जब वह शुगर मिल हाईवे पर पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने दोनों को टक्कर मार दी। जब वह दोनों बाइक से सड़क पर गिर गए तो बस ने उन्हें रौंद दिया। इस कारण दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान बस चालक बस वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत थाना सदर पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया और एंबुलेंस से शवों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना सदर के एएसआई और जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।