कमिश्नेरट पुलिस ने शहर के उद्योगपति से 2 करोड़ रुपये की फिरौती की मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक कार, देसी पिस्तौल, 3 कारतूस, एक कमानीदार चाकू (बटन वाला) तथा 4 मोबाइल फोन, जिनसे आरोपी फोन करके फिरौती की मांग करते थे, बरामद कर लिए हैं। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल ने दी। उन्होंने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों की गिरफ्तारी में डीसीपी (डी.) रछपाल सिंह और एडीसीपी (डी.) जुगराज सिंह की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही।
एडीसीपी जुगराज सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इसमें बसंत एवेन्यू निवासी राजीव सभ्रवाल की शिकायत पर 28 दिसंबर को मजीठा रोड थाने में केस दर्ज किया गया। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी फोकल प्वाइंट मकबूलपुरा में एल्यूमीनियम की फैक्टरी है, जिसे उनका बेटा रोहित सभ्रवाल चलाता है। 26 दिसंबर को उनका बेटा पंचकूला से लौट रहा था कि रास्ते में रोहित के मोबाइल पर किसी ने फोन कर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। फोन करने वाले ने उनके बेटे को धमकी देते हुए कहा कि वह अमृतसर आ रहा है और फिरौती देने के लिए समय और जगह बता देगा।
एडीसीपी जुगराज सिंह ने बताया कि इसके बाद एसीपी कंवलप्रीत सिंह, सरबजीत सिंह, सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह और मजीठा रोड थाना प्रभारी गुरमीत सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाई। खुफिया जानकारी और तकनीकी तरीके से जांच के बाद योजनाबद्ध बनाकर अलग-अलग जगहों पर नाकेबंदी की गई। इस दौरान जिला एसएएस नगर मोहाली के गांव देसूमाजरा के चरणजीत सिंह चन्नी और अमृतसर स्थित आरबी एस्टेट लोहारका रोड के गजिंदरजीत सिंह उर्फ राजबीर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से एक कार, देसी पिस्तौल, 3 कारतूस, बटनों वाला एक कमानीदार चाकू तथा चार मोबाइल फोन (सिम सहित) बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर इससे जुड़े आरोपियों के अन्य साथियों के बाबत पूछताछ की जा रही है।